उत्तराखण्ड

देहरादून की छात्रा रिया थापा की मौत पर राहुल गांधी ने जताया दुख

देहरादून की मेधावी NEET छात्रा रिया थापा की आत्महत्या का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस घटना पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

जानकारी के अनुसार, देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय रिया थापा मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रही थीं और NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। बताया जा रहा है कि वह पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर थीं और पहले भी NEET परीक्षा में शामिल हो चुकी थीं। हालांकि, सफलता नहीं मिलने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थीं।

परिजनों के मुताबिक, आगामी परीक्षा से पहले वह काफी तनाव में थीं। घटना के बाद पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें उन्होंने पढ़ाई में असफलता के कारण यह कदम उठाने की बात लिखी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रिया के निधन की खबर सामने आने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एक प्रतिभाशाली छात्रा का इस तरह दुनिया छोड़ जाना बेहद दुखद है। उन्होंने परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखने की बात कही।

वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भी रिया के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिवार ने बताया कि रिया का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना था और वह अपने लक्ष्य को लेकर लगातार मेहनत कर रही थीं। यह घटना छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, परीक्षा के दबाव और प्रतिस्पर्धी माहौल को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News