देहरादून लाठीचार्ज वीडियो वायरल, दारोगा और ASI लाइन हाजिर

देहरादून से एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला प्रेमनगर क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां कुछ छात्रों का जमावड़ा लगा हुआ था। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसी दौरान एक युवक और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पर लाठी से वार किए जा रहे हैं, जिससे मामला और गरमा गया। घटना सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। एसएसपी के निर्देश पर एक दारोगा और एक एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, एसपी सिटी ने सफाई देते हुए कहा कि मौके पर हल्का बल प्रयोग किया गया था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




