उत्तराखण्ड

एआई आधारित वेबसाइट लॉन्च, योगी और धामी ने देखा डिजिटल शिक्षा का नया मॉडल

यमकेश्वर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दौरा चर्चा का केंद्र बना रहा। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में विकास और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। यमकेश्वर पहुंचने के बाद दोनों मुख्यमंत्री सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने महाविद्यालय परिसर में बनाए गए ओपन जिम का शुभारंभ भी किया।

कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने विष्णु महायज्ञ में भाग लिया और ग्रामीणों व परिवारजनों के साथ आध्यात्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और आध्यात्मिकता जीवन में आगे बढ़ने की सबसे बड़ी शक्ति है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए बिथ्याणी महाविद्यालय को ‘आदर्श कॉलेज’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की बात भी कही। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन भी किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई बॉट से संवाद कर परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा की।

इसके अलावा नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन किया गया तथा ‘विकसित भारत एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन भी हुआ। युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दोनों मुख्यमंत्रियों ने ओपन जिम उपकरणों पर व्यायाम कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News