उत्तराखण्ड

उत्तराखंड को नई रेल सौगात: रामनगर-देहरादून के बीच चलेगी नई ट्रेन, केंद्र से मिली मंजूरी

देहरादून: उत्तराखंड को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। रामनगर से देहरादून के बीच नई ट्रेन चलाने को केंद्रीय रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। इस नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के बीच यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी। यह पहल पौड़ी सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। उनकी मांग पर केंद्र सरकार ने इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को हरी झंडी दी है। मंजूरी मिलने के बाद सांसद बलूनी ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।

अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्हें केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें रामनगर से देहरादून के बीच नई ट्रेन के संचालन की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री ने उत्तराखंड की जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनके प्रस्तावों पर हमेशा सकारात्मक रुख अपनाया है।

इसके चलते राज्य को कई नई रेल सेवाएं और महत्वपूर्ण स्टॉपेज की मंजूरी भी मिलती रही है। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी और राज्य में आवागमन की सुविधाएं और बेहतर होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News