उत्तराखण्ड

‘युवाओं की गूंज’ कार्यक्रम पर बीजेपी का पलटवार, मनवीर चौहान बोले- कांग्रेस ने युवाओं को किया गुमराह

उत्तराखंड में कांग्रेस के ‘युवाओं की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य की चिंता करने का दावा करने वाली पार्टी को पहले अपने राजनीतिक व्यवहार में संवेदनशीलता लानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस ने युवाओं के मुद्दों पर गंभीर चर्चा करने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया। मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि उसका उद्देश्य वास्तव में युवाओं से संवाद करना था या फिर उन्हें भ्रमित कर राजनीतिक माहौल तैयार करना। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए बड़े-बड़े दावे, जिनमें भारी संख्या में पंजीकरण का दावा भी शामिल था, वास्तविकता से मेल नहीं खाते। उनके अनुसार कार्यक्रम में कई ऐसे लोग भी मौजूद थे, जिन्हें छात्र या युवा बताकर पेश किया गया।

उन्होंने परेड ग्राउंड को लेकर हुए विवाद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थल को लेकर सरकार पर अनावश्यक आरोप लगाए। उनके अनुसार यदि परेड ग्राउंड उपलब्ध भी हो जाता तो कार्यक्रम की वास्तविक स्थिति सभी के सामने आ जाती। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेतृत्व अपनी अपेक्षाओं के अनुरूप जनसमर्थन नहीं मिलने से निराश दिखाई दिया। भाजपा नेता ने भर्ती परीक्षाओं और रोजगार के मुद्दे पर भी कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी सख्त कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया है। उन्होंने दावा किया कि अब परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से आयोजित हो रही हैं और नकल माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की गई है। मनवीर चौहान ने यह भी कहा कि रोजगार, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्य जनता के सामने हैं। उनके अनुसार महिलाओं को आरक्षण और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सरकार के विकास कार्यों पर विश्वास जता रही है और विपक्ष के आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News