उत्तराखंड

उत्तरकाशी में महसूस हुए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.5 रही तीव्रता

 उत्तरकाशी:- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया और कई लोग एहतियातन घरों व दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी क्षेत्र के पिलंग गांव के जंगलों में जमीन से करीब 7 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

भटवाड़ी क्षेत्र में महसूस हुए झटके

प्रशासन के मुताबिक, जिले की सभी तहसीलों और संबंधित विभागों से तत्काल जानकारी जुटाई गई। प्रारंभिक रिपोर्ट में केवल भटवाड़ी तहसील में भूकंप के झटके महसूस होने की पुष्टि हुई है। अन्य क्षेत्रों में इसका प्रभाव बेहद सीमित रहा।

प्रशासन ने की स्थिति की समीक्षा

जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने भूकंप के बाद हालात पर नजर रखी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि सभी तहसीलों और संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त कर ली गई है और फिलहाल कहीं से भी किसी प्रकार की जनहानि, चोट या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि भूकंप का केंद्र पिलंग गांव के जंगलों में लगभग 7 किलोमीटर की गहराई पर था और इसकी तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

भूकंप के दौरान बरतें सावधानी

विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाना चाहिए। खुले क्षेत्र में रहें, भवनों, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News