राष्ट्रीय

भारत और पाकिस्तान के तनाव के बीच हैदराबाद में मिस वर्ल्ड का उद्घाटन, सीएम रेवंत रेड्डी रहे मौजूद

भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के चलते लंबे समय से उहापोह में फंसे बहुप्रतीक्षित मिस वर्ल्ड समारोह का आखिरकार रविवार को यहां हैदराबाद में उद्घाटन हो ही गया। इस मौके पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी खास तौर से उपस्थित रहे। उन्होंने दुनिया में भारतीय संस्कृति के लहराते परचम को याद करते हुए भारतीय संस्कृति को एक समावेशी संस्कृति और समय के साथ आगे बढ़ती रहने वाली परंपरा बताया। समारोह की शुरुआत करते समय रेवंत रेड्डी के साथ मिस वर्ल्ड लिमिटेड की अध्यक्ष, सीईओ जूलिया मोर्ले सीबीई और मिस वर्ल्ड क्रिस्टीना पिस्जकोवा खासतौर से मौजूद रहीं।

मिस वर्ल्ड सौंदर्य महोत्सव के भव्य उद्घाटन समारोह में तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया, जिसमें राज्य की परंपराओं को दर्शाने वाले लोकगीत और आदिवासी नृत्यों को देख लोगों ने खूब तालियां बजाईं। कार्यक्रम में 110 से अधिक देशों की प्रतियोगियों का गर्मजोशी से पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। ये उत्सव यहां अगले एक महीने तक चलेगा।

मिस वर्ल्ड लिमिटेड की अध्यक्ष और सीईओ जूलिया मोर्ले सीबीई के मुताबिक, “हम मिस वर्ल्ड फेस्टिवल को तेलंगाना में लाकर रोमांचित हैं, एक ऐसी जगह जहां परंपराएं अविष्कार के साथ खूबसूरती से जुड़ी हुई हैं। इस साल की प्रतियोगिता वैश्विक एकता और सांस्कृतिक प्रशंसा की भावना को दर्शाती है और मैं प्रत्येक प्रतियोगी की उल्लेखनीय यात्रा को देखने के लिए उत्साहित हूं, क्योंकि वे दुनिया को प्रेरित करते हैं।” वहीं, तेलंगाना के पर्यटन, संस्कृति और पुरातत्व मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव ने इस आयोजन की मेजबानी करने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि मिस वर्ल्ड के 72वें संस्करण की मेजबानी करना तेलंगाना के लिए बहुत सम्मान की बात है।

राव ने कहा कि हमारे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक बुनियादी ढांचा और मेहमाननवाज लोग इसे इस वैश्विक उत्सव के लिए एक आदर्श मंजिल बनाते हैं। हम तेलंगाना की सुंदरता, गर्मजोशी और विविधता का अनुभव करने के लिए दुनिया का स्वागत करते हैं। इस मौके पर तेलंगाना पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष पटेल रमेश रेड्डी ने इस आयोजन को राज्य की जीवंत परंपराओं, ऐतिहासिक स्थलों और असाधारण मेहमाननवाजी को वैश्विक दर्शकों के सामने प्रदर्शित करने का खूबसूरत मौका बताया।

मौजूदा मिस वर्ल्ड क्रिस्टीना पिस्जकोवा को सुनने के लिए यहां लोग काफी बेचैन दिखे और जैसे ही वह मंच पर आईं, पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। क्रिस्टीना ने कहा, “मुझे बहुत गर्व है कि मुझे भारत में 71वीं मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया गया और मैं इसी देश में अपना ताज सौंपने के लिए भी उतनी ही रोमांचित हूं। तेलंगाना, अपनी गहरी परंपराओं और जीवंत संस्कृति के साथ, इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए एकदम सही बैकड्राप प्रदान करता है।” उद्घाटन समारोह के दौरान प्रतियोगियों ने अपनी राष्ट्रीय वेशभूषा का प्रदर्शन किया। अपने देशों के संगीत को बजाया और अपने झंडे को गर्व के साथ दुनिया के सामने पेश किया। 31 मई तक चलने वाले इस उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और चैरिटेबल गतिविधियां शामिल होंगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News