उत्तराखण्ड

युवा संकल्प दिवस पर सीएम धामी का युवाओं को संदेश, मांगा ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड, देहरादून में आयोजित “युवा संकल्प दिवस” कार्यक्रम में शिरकत की। अपने जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

अपने जन्मदिन को युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाए जाने पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस पर युवा शक्ति के बीच मौजूद रहना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें लगातार नई ऊर्जा देते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड दिखाई देता है।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में देश की युवा शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि 2047 में जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब आज की युवा पीढ़ी देश और प्रदेश के विकास की कमान संभाल रही होगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

युवाओं को अवसर देना सरकार की प्राथमिकता

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा मेहनती, प्रतिभाशाली और अनुशासित हैं तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता रखते हैं। युवाओं को सही दिशा, बेहतर अवसर और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य के लिए मजबूरी में अपने घर, गांव या प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि उद्यमिता के जरिए रोजगार पैदा करने वाला भी बनना चाहिए।

युवा आयोग को लेकर सीएम धामी ने कही यह बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार चाहती है कि युवाओं से जुड़ी नीतियां तैयार करते समय उनकी आवाज और भागीदारी भी सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा कि युवा आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम करेगा। इसके अलावा नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति युवाओं को जागरूक करने में भी आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

खेलों में भी प्रदेश का नाम रोशन कर रहे युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड की पहचान खेलों के क्षेत्र में भी मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं को विकसित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

नकल विरोधी कानून पर सीएम धामी का जोर

भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनती युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए राज्य में कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी युवा की वर्षों की मेहनत, उसके सपनों और अधिकार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी नियुक्ति को सिर्फ एक आंकड़े के तौर पर नहीं देखा जा सकता, क्योंकि उसके पीछे किसी युवा की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।

युवाओं से बोले- तकनीक का सकारात्मक इस्तेमाल करें

सीएम धामी ने युवाओं से बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करने का आह्वान किया। स्वामी विवेकानंद के संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से मेहनत को आदत, अनुशासन को पहचान और सीखने की इच्छा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

उन्होंने तकनीक और मोबाइल फोन के सकारात्मक इस्तेमाल पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल केवल मनोरंजन तक सीमित न रहकर ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए भी किया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर मिलने वाली आधी-अधूरी या भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और किसी भी जानकारी को तथ्यों की कसौटी पर परखने की जरूरत है।

नशे से दूर रहने की युवाओं से अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से खुद नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

सीएम धामी ने मांगा ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’

अपने जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से “तीन संकल्पों का गुलदस्ता” मांगा। उन्होंने युवाओं से तीन संकल्प लेने की अपील की।

पहला संकल्प: जीवन में एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करना।

दूसरा संकल्प: स्वयं नशे से दूर रहना और अपने साथियों को भी नशे से दूर रखने का प्रयास करना।

तीसरा संकल्प: जीवन में जिस भी क्षेत्र में सफलता मिले, अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड की पावन भूमि के विकास के लिए समर्पित करना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, शिक्षक, उद्यमी या जनसेवा के किसी भी क्षेत्र में जाएं, लेकिन सबसे पहले एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनना जरूरी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवाओं के सपने, मेहनत और संकल्प विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के निर्माण की मजबूत आधारशिला तैयार करेंगे।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास और गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर और बृजभूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button