उत्तराखंड में 26 विकास कार्यों को मंजूरी, CM धामी ने स्वीकृत किए ₹22.15 करोड़ – Parvat Sankalp News

उत्तराखंड में 26 विकास कार्यों को मंजूरी, CM धामी ने स्वीकृत किए ₹22.15 करोड़

उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹22 करोड़ 15 लाख 32 हजार की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। इन कार्यों में सड़क और नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, तारबाड़, धार्मिक एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हैंडपंपों की स्थापना और विद्युत संबंधी कार्य शामिल हैं। इन स्वीकृतियों से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही स्थानीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

देहरादून में विकास कार्यों के लिए ₹8.96 करोड़

देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹8.96 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इसके तहत आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी में आंतरिक सड़क, नाली निर्माण और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹89.44 लाख, कैनाल रोड जाखन नगर के वार्ड संख्या 7 के लिए ₹82.29 लाख और मालसी के वार्ड संख्या 1 के लिए ₹60.91 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या 6 नागेश्वर में ₹78.92 लाख, वार्ड संख्या 7 संजय विहार में ₹39.97 लाख, टपकेश्वर में ₹62.36 लाख और रोजपुर रोड में ₹84.48 लाख के कार्यों को मंजूरी दी गई है। इसी क्रम में दून विहार के लिए ₹96.75 लाख, डोभालवाला के लिए ₹76.62 लाख, घोरणखास के लिए ₹79.71 लाख, किशननगर के लिए ₹50.08 लाख और वार्ड संख्या 11 विजय कॉलोनी के लिए ₹94.65 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इन सभी स्थानों पर आंतरिक सड़कों, नालियों और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों को कराया जाएगा।

पिथौरागढ़ में चार कार्यों के लिए ₹3.44 करोड़

पिथौरागढ़ जिले में चार विकास कार्यों के लिए ₹3.44 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इनमें डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹86.45 लाख शामिल हैं। धारचूला के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल निर्माण के लिए ₹79.49 लाख, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड विण की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए ₹84.94 लाख तथा डीडीहाट की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹93.64 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

अल्मोड़ा में तारबाड़ और मंदिर सौंदर्यीकरण को मंजूरी

अल्मोड़ा जिले में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ लगाने के लिए ₹45.63 लाख की स्वीकृति दी गई है। वहीं जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के पास स्थित सिद्धेश्वर मंदिर उधाण के सौंदर्यीकरण के लिए ₹97.08 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ₹58.248 लाख की प्रथम किस्त का शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

चम्पावत में धार्मिक और मेला स्थलों का होगा विकास

चम्पावत जिले में ग्राम मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख, ग्राम पंचायत खटोली के भगवती मेला स्थल के विकास के लिए ₹50 लाख और ग्राम पंचायत बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए ₹25 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति संबंधी शासनादेश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लोहाघाट की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र निर्माण के लिए ₹97.10 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

टिहरी में चौकी महादेव शिवालय का होगा सौंदर्यीकरण

टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में विकासखंड कीर्तिनगर स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए ₹67.87 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इससे धार्मिक स्थल के विकास और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।

हरिद्वार में 100 हैंडपंपों की स्थापना के लिए मंजूर हुए ₹2.22 करोड़ से अधिक

हरिद्वार जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कुल 100 हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। इसके तहत झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए ₹99.44 लाख और लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए ₹123.46 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

कोटद्वार में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था होगी मजबूत

पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए ₹344.04 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इस कार्य के तहत विद्युत पोल स्थापित करने, लाइन निर्माण और लाइन शिफ्टिंग से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इससे शहरी क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसके साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *