देहरादून में विवाद के बाद यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार हिरासत में – Parvat Sankalp News

देहरादून में विवाद के बाद यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार हिरासत में

देहरादून: हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास देर रात हुए विवाद के मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने कंटेंट क्रिएटर/यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, मौके पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और हंगामे की स्थिति बनी हुई थी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने चारों को धारा 170 BNSS के तहत हिरासत में लिया।

झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली कि हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवक आपस में झगड़ रहे हैं। सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि वहां अनुराग डोभाल और उनके साथियों का राज सिंह चौहान नाम के व्यक्ति के साथ विवाद चल रहा था। मौके पर स्थिति को शांत कराने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को बाईपास चौकी ले गई।

चौकी पर दोबारा विवाद की स्थिति

पुलिस के मुताबिक, चौकी पर दोनों पक्षों से बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान कथित तौर पर दोबारा राज सिंह चौहान के साथ झगड़ने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने लगी। इस दौरान चौकी के आसपास भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत हिरासत में ले लिया।

घायल को अस्पताल भेजा गया

विवाद के दौरान घायल हुए राज सिंह चौहान को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, राज सिंह की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और घटना के दौरान क्या-क्या हुआ।

चार लोगों को लिया गया हिरासत में

पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों में अनुराग डोभाल (29), अभिषेक (22), अभय चौधरी (23) और कुर्बान (23) शामिल हैं। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी विनय मोहन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र, कांस्टेबल हितेश कुमार और PRD प्रमोद शामिल रहे। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *