खटीमा में पहली बार सजा उत्तराखंड आदि रंगोत्सव, 18 राज्यों के जनजातीय कलाकारों ने बिखेरे संस्कृति के रंग – Parvat Sankalp News

खटीमा में पहली बार सजा उत्तराखंड आदि रंगोत्सव, 18 राज्यों के जनजातीय कलाकारों ने बिखेरे संस्कृति के रंग

खटीमा: थारू जनजाति की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरती खटीमा में पहली बार उत्तराखंड आदि रंगोत्सव-2026 का भव्य आयोजन शुरू हुआ। तीन दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने अपनी लोक कला, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विविधता में एकता का संदेश दिया।

मुख्य चौक से आयोजन स्थल तक निकला भव्य रोड शो

आदि रंगोत्सव के शुभारंभ से पहले खटीमा मुख्य चौक से आयोजन स्थल तक भव्य रोड शो आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री धामी और केंद्रीय मंत्रियों के पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, थारू समाज के लोग और विभिन्न समुदायों के लोग रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को खास बना दिया।

18 राज्यों के जनजातीय कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

आदि रंगोत्सव में देश के 18 राज्यों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और लोक संस्कृति की शानदार प्रस्तुतियां दीं। अलग-अलग राज्यों की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों को आकर्षित किया। उत्तराखंड की लोक संस्कृति का भी आयोजन में विशेष रंग देखने को मिला। जौनसार-बावर की ढोल-दमाऊ टीम ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कलाकारों के साथ उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए।

ढोल-दमाऊ की थाप पर सीएम धामी ने भी बजाया ढोल

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति के प्रति अपना जुड़ाव भी प्रदर्शित किया। वह कलाकारों और ढोल-दमाऊ टीम के साथ झूमते दिखाई दिए और उन्होंने खुद ढोल बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन में हनुमान अंश की टीम ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए उनके कार्यक्रम में शामिल होने को शुभ संकेत बताया और इसे भगवान हनुमान के आशीर्वाद से जोड़ते हुए आयोजन की सफलता की कामना की।

पहली बार देहरादून से बाहर खटीमा में आयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का आयोजन पहली बार खटीमा में किया जा रहा है। इससे पहले यह आयोजन देहरादून में आयोजित होता रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को व्यापक मंच देने के लिए ऐसे आयोजनों को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों तक ले जाना महत्वपूर्ण है।खटीमा में आयोजन होने से स्थानीय थारू समाज और क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति को भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।

केंद्रीय मंत्रियों ने सीएम धामी का जताया आभार

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम ने कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने और खटीमा में इस आयोजन की मेजबानी किए जाने के लिए मुख्यमंत्री धामी का आभार जताया। केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम ने इस अवसर पर खटीमा स्थित जनजातीय एकलव्य विद्यालय के आधुनिकीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा को क्षेत्र में जनजातीय शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

स्थानीय उत्पादों को मिला बाजार और मंच

आदि रंगोत्सव के आयोजन स्थल पर विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं, जहां स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया। इन स्टॉल के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और उत्पादकों को अपनी कला और उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिला। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय थारू जनजाति के लोगों के साथ-साथ अन्य समाज के लोगों ने भी भाग लिया। इससे महोत्सव को व्यापक जनभागीदारी मिली।

शाम को श्वेता माहरा और माया उपाध्याय की प्रस्तुति

तीन दिवसीय आदि रंगोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी। आयोजन में जनजातीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ स्टार कलाकार श्वेता माहरा और लोक गायिका माया उपाध्याय भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। खटीमा में पहली बार आयोजित यह आदि रंगोत्सव जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को एक बड़े मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *