देहरादून

SIR को लेकर इंडिया गठबंधन की बैठक, गणेश गोदियाल बोले- ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को करेंगे तेज

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगे की रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि देश के कई राजनीतिक दल पिछले कुछ वर्षों से मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उनके मुताबिक इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों का मानना है कि मतदाता सूची से पात्र लोगों के नाम हटाना और अपात्र लोगों के नाम जोड़ना लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की मूल भावना के विपरीत है।

SIR को लेकर इंडिया गठबंधन ने बनाई रणनीति

गणेश गोदियाल ने बताया कि बैठक में इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दलों ने अपने-अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बैठक में मतदाता सूची और SIR से जुड़े विषयों पर सभी प्रतिनिधियों की राय ली गई और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक गठबंधन के घटक दल इस मुद्दे पर एकजुट हैं और सरकार पर दबाव बनाने के लिए आगे भी संयुक्त रूप से आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्र सरकार कथित तौर पर मतदाता सूची से जुड़े अनैतिक कार्यों से पीछे नहीं हटती।

‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत 8 अक्टूबर को मार्च

बैठक के बाद गणेश गोदियाल ने बताया कि इंडिया गठबंधन के घटक दल ‘लोकतंत्र बचाओ-वोट बचाओ’ अभियान के तहत 8 अक्टूबर को देहरादून में विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस और सहयोगी दलों की ओर से गांधी पार्क से मार्च निकाला जाएगा। इस प्रदर्शन में गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस के मुताबिक मार्च का उद्देश्य SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग के सामने अपना विरोध दर्ज कराना है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग का ऐलान

गणेश गोदियाल ने कहा कि 8 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दल इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ खड़े हैं और आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक टकराव बढ़ने के आसार

SIR को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में यदि पात्र मतदाताओं के नाम हटते हैं या अपात्र लोगों के नाम शामिल होते हैं तो इसका सीधा असर चुनावी प्रक्रिया पर पड़ सकता है। वहीं, कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर प्रदेश स्तर पर आंदोलन की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। देहरादून में 8 अक्टूबर को प्रस्तावित मार्च के बाद आंदोलन को आगे किस रूप में बढ़ाया जाएगा, इस पर भी गठबंधन की अगली बैठकों में निर्णय लिया जा सकता है। फिलहाल इंडिया गठबंधन की बैठक और 8 अक्टूबर के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के ऐलान के बाद उत्तराखंड में SIR को लेकर सियासी माहौल और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button