चंपावत में कैबिनेट बैठक पर गणेश गोदियाल का तंज, बोले- जहां बैठक हो वहां जनता सरकार से पूछे सवाल

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में चंपावत के बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में आयोजित कैबिनेट बैठक को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए चंपावत में हो रही कैबिनेट बैठक को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासन को करीब 10 साल पूरे होने जा रहे हैं और अब सरकार को जिलों में कैबिनेट बैठकें आयोजित करने की याद आ रही है। गणेश गोदियाल ने कहा कि उन्हें जिलों में कैबिनेट बैठक आयोजित किए जाने से आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार अलग-अलग जिलों में बैठकें कर रही है तो वहां की जनता को भी सरकार से सवाल पूछने चाहिए।
‘कैबिनेट बैठक में आए मंत्रियों से जनता सवाल करे’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस जिले में भी भाजपा सरकार कैबिनेट बैठक आयोजित करे, वहां के लोगों को सरकार से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से भर्ती और सरकारी नौकरियों से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे को उठाया। गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नौकरियों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की ओर से भी इस संबंध में लिखित तौर पर बातें सामने आ चुकी हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और कथित तौर पर नौकरियों की बिक्री में शामिल लोगों की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि कैबिनेट बैठक के दौरान सरकार से यह सवाल पूछा जाना चाहिए कि ऐसे आरोपों से जुड़े किसी मंत्री या जिम्मेदार व्यक्ति पर क्या कार्रवाई की गई है।
आय से अधिक संपत्ति के मामले पर भी सरकार को घेरा
गणेश गोदियाल ने आय से अधिक संपत्ति के मामलों को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहे हैं और सरकार की ओर से मुकदमा चलाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब सरकार अलग-अलग जिलों में कैबिनेट बैठक आयोजित करे तो जनता को इन मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति जैसे मामलों में सरकार की कार्रवाई क्या है।
अंकिता भंडारी मामले को लेकर भी उठाया सवाल
गणेश गोदियाल ने अपने बयान में अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जनता को सरकार से यह सवाल पूछना चाहिए कि इस मामले में सीबीआई जांच की स्थिति क्या है और जांच में अब तक कितनी प्रगति हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जांच को लेकर अभी भी कई सवाल बने हुए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को इन सवालों का जवाब जनता के सामने देना चाहिए।
कैबिनेट बैठक को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
दरअसल, चंपावत के बनबसा में पहली बार आयोजित की जा रही कैबिनेट बैठक को राज्य सरकार सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों को प्राथमिकता देने की पहल के तौर पर पेश कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि भविष्य में भी कैबिनेट बैठकें केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेंगी और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित की जाएंगी। वहीं, विपक्ष इस पहल को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है। गणेश गोदियाल के बयान के बाद कैबिनेट बैठक को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि बैठकें जिलों में आयोजित करने के साथ-साथ सरकार को रोजगार, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों पर भी जनता को जवाब देना चाहिए। अब चंपावत में कैबिनेट बैठक के बाद सरकार की ओर से लिए जाने वाले फैसलों के साथ-साथ विपक्ष की ओर से उठाए गए इन सवालों को लेकर भी प्रदेश की सियासत में चर्चा जारी रहने की संभावना है।




