विकासनगर

विकासनगर में घर में घुसे बदमाश, परिवार को बनाया बंधक; मारपीट के बाद लूटपाट का आरोप

विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में देर रात एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाने और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नकाबपोश बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामला बरोटीवाला क्षेत्र के जमनीपुर रोड स्थित ग्रेट वैल्यू स्कूल परिसर का बताया जा रहा है। स्कूल परिसर में बने एक आवास में गोपाल सिंह राठौर अपनी पत्नी नीलम राठौर और बेटे के साथ रहते हैं। पीड़ित परिवार के अनुसार, तड़के करीब 3:15 बजे कुछ अज्ञात लोग घर में दाखिल हुए।

मारपीट कर प्रिंसिपल के बारे में पूछताछ का आरोप

नीलम राठौर के मुताबिक, घर में घुसे लोगों ने चेहरे ढके हुए थे। कमरे में आने के बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का दावा है कि बदमाशों ने उनसे स्कूल के प्रिंसिपल के बारे में जानकारी मांगी। नीलम के अनुसार, उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल विकासनगर में रहते हैं और वह परिवार के साथ स्कूल की देखभाल के लिए यहां रहती हैं। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने धमकी देते हुए कहा कि उन्हें प्रिंसिपल को नुकसान पहुंचाने के लिए भेजा गया है और शोर मचाने पर परिवार को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

नकदी और जेवर ले जाने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारियां खंगालीं और वहां रखी नकदी के साथ करीब 90 हजार रुपये के आभूषण लेकर चले गए। जाते समय बदमाशों ने परिवार के तीनों सदस्यों के हाथ बांध दिए और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद नीलम राठौर ने किसी तरह खिड़की खोलकर पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला और पुलिस को घटना की सूचना दी। करीब 4:20 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

तीन लोगों के शामिल होने की बात

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना में तीन लोग शामिल थे। इनमें से दो बदमाश घर के अंदर आए, जबकि एक बाहर मौजूद था। उनके अनुसार, एक आरोपी के हाथ में डंडा और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी। आरोप है कि इसी दौरान उनके पति के साथ मारपीट की गई।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सीओ विकासनगर विवेक कुटियाल के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button