उत्तराखण्ड

Haridwar News: लग्जरी और स्लीपर बसों पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, 185 के चालान और 16 वाहन सीज

हरिद्वार:- यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन नियमों के उल्लंघन को लेकर हरिद्वार में परिवहन विभाग ने लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। संयुक्त अभियान के दौरान विभिन्न अनियमितताएं मिलने पर 185 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर खामियां पाए जाने पर 16 वाहनों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले तीन वाहनों की फिटनेस निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर चला विशेष चेकिंग अभियान

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जिले में संचालित लग्जरी और स्लीपर बसों की व्यापक जांच की गई। अभियान के दौरान संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की। रोडवेज के एआरएम विशाल कुमार के साथ संयुक्त रूप से गठित टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर बसों को रोककर उनके दस्तावेज, संचालन व्यवस्था, यात्री क्षमता और वाहन की संरचना की पड़ताल की।

बसों में मिली कई तरह की अनियमितताएं

चेकिंग के दौरान कई बसों में निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आया। जांच में कुछ वाहनों की संरचना में अनधिकृत बदलाव, निर्धारित बस बॉडी कोड का उल्लंघन, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित अनियमितताएं मिलीं। इसके अलावा परिवहन एवं यातायात से जुड़े अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों पर भी विभाग ने कार्रवाई की। विशेष अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मुकेश भारती, भारत भूषण और हरीश सती समेत विभागीय कर्मचारियों ने भी भाग लिया। अलग-अलग टीमों ने विभिन्न स्थानों पर लग्जरी और स्लीपर बसों की जांच कर नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की।

बिना नियमों के बस संचालन पर सख्ती

एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी वाहनों का संचालन स्वीकृत संरचना, निर्धारित यात्री क्षमता और संबंधित बस बॉडी कोड के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने, वाहनों में बिना अनुमति बदलाव करने अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप यात्रा उपलब्ध कराने के लिए आने वाले दिनों में भी औचक निरीक्षण और विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

पहले भी लग्जरी बसों पर हो चुकी है कार्रवाई

एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के अनुसार, विभाग पिछले कुछ समय से लग्जरी बसों की लगातार जांच कर रहा है। उन्होंने बताया कि 30 जून को अनियमितता मिलने पर 80 लग्जरी बसों के चालान किए गए थे। इससे पहले 7 जून को 45 लग्जरी बसों का चालान किया गया था। इस बार अलग-अलग तरह की अनियमितताएं सामने आने के बाद कुल 185 बसों के चालान किए गए हैं। विभाग के मुताबिक, आगे भी अचानक निरीक्षण किए जाएंगे। नेहा झा ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बसों में मौजूद खामियों को दूर कर उन्हें यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित बनाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button