पंजाब

कई एक्टर्स ने ठुकराया ‘हैवान’ का रोल, अक्षय कुमार ने तुरंत क्यों कहा हां? प्रियदर्शन ने खोला राज

अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के बीच आने वाली है। दोनों ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘भूत बंगला’ में साथ काम किया था। अब उनकी अगली फिल्म ‘हैवान’ को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ी हुई है। फिल्म को लेकर निर्देशक प्रियदर्शन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कई अहम बातें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि ‘हैवान’ की स्क्रिप्ट कई अभिनेताओं तक पहुंची थी, लेकिन ज्यादातर कलाकार इस खास किरदार को निभाने के लिए तैयार नहीं हुए। दिलचस्प बात यह है कि प्रियदर्शन ने शुरुआत में इस भूमिका के लिए अक्षय कुमार के बारे में सोचा तक नहीं था। निर्देशक के मुताबिक, उन्होंने कभी अक्षय को इस किरदार में देखने की कल्पना नहीं की थी। प्रियदर्शन ने बताया कि उस समय वह अक्षय कुमार के साथ ‘भूत बंगला’ की शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग के दौरान उन्होंने अक्षय को बताया कि उनके पास एक फिल्म की कहानी है, लेकिन कोई भी अभिनेता उस किरदार को निभाना नहीं चाहता।

निर्देशक ने अक्षय को फिल्म की कहानी और किरदार के बारे में मोटे तौर पर बताया। कहानी सुनने के बाद अक्षय कुमार ने खुद इस भूमिका में दिलचस्पी दिखाई और फिल्म करने के लिए हामी भर दी। प्रियदर्शन के मुताबिक, अक्षय ने बताया कि वह लंबे समय से एक मानसिक रूप से बीमार इंसान का किरदार निभाना चाहते थे। यही वजह थी कि उन्हें ‘हैवान’ का यह किरदार काफी दिलचस्प लगा और उन्होंने इसे स्वीकार करने में ज्यादा समय नहीं लगाया। प्रियदर्शन ने यह भी बताया कि उन्होंने जिन-जिन अभिनेताओं से इस भूमिका के लिए संपर्क किया था, उनमें से कई ने साफ तौर पर फिल्म करने से इनकार कर दिया था। कुछ कलाकार तो किरदार सुनने के बाद उसे अपनी तरह से बदलने और उसके आसपास नई कहानी तैयार करने की सलाह देने लगे थे। निर्देशक ने कहा कि ऐसी स्थिति के बाद उन्होंने इस प्रोजेक्ट को कुछ समय के लिए छोड़ देने का मन बना लिया था। लेकिन अक्षय कुमार के फिल्म में रुचि दिखाने के बाद प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ।

‘हैवान’ इसलिए भी खास है क्योंकि इस फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। दोनों को इससे पहले 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ देखा गया था। फिल्म में अक्षय और सैफ के अलावा बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी और अक्षय का अलग तरह का किरदार इसे लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है। ‘हैवान’ का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं। फिल्म इसी साल 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अक्षय कुमार का यह अलग अंदाज दर्शकों को कितना पसंद आता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button