रुड़की में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस – Parvat Sankalp News

रुड़की में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस

रुड़की:- हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार देर रात शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि कैंटीन बंद कर घर लौट रहे संचालक को बाइक सवार दो युवकों ने रास्ते में रोककर गोली मारी और मौके से फरार हो गए।

घटना रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। ढंडेरा गांव निवासी अमन शराब की कैंटीन चलाते थे। शुक्रवार रात कैंटीन बंद करने के बाद वह घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो हमलावर उनके पास पहुंचे और फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की आशंका है, हालांकि हत्या की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों के आने और वारदात के बाद फरार होने वाले रास्तों की भी जानकारी जुटा रही है।

हमलावरों की तलाश में पुलिस की कांबिंग

वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में कांबिंग की। फिलहाल हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *