उत्तर प्रदेश

कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर लखनऊ में बदला ट्रैफिक प्लान, घर से निकलने से पहले जान लें रूट

लखनऊ:-  राजधानी लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से प्रस्तावित है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहीद पथ समेत स्टेडियम से जुड़े प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। कार्यक्रम समाप्त होने तक निजी वाहनों के साथ ही सिटी बसों और रोडवेज बसों के रूट में भी बदलाव रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले डायवर्जन प्लान देखने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

स्वर्गीय कल्याण सिंह की पुण्यतिथि कार्यक्रम के चलते शहीद पथ, अहिमामऊ, एचसीएल तिराहा और अर्जुनगंज क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सामान्य वाहनों को किसानपथ, अंसल सिटी और कैंट के रास्तों से अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

कबीरपुर किसानपथ अंडरपास से अहिमामऊ चौराहा:
कबीरपुर किसानपथ अंडरपास से एचसीएल तिराहा और अहिमामऊ चौराहा की ओर सामान्य वाहन, रोडवेज बसें और सिटी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को किसानपथ के रास्ते भेजा जाएगा।

अमूल डेयरी कटिंग से अहिमामऊ:
अमूल डेयरी कटिंग से एचसीएल तिराहा और अहिमामऊ चौराहे की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। वाहन चालक अंसल सिटी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

कटाई पुल चौराहा से अर्जुनगंज बाजार:
कटाई पुल चौराहा से अर्जुनगंज बाजार होते हुए अहिमामऊ अंडरपास की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग के वाहनों को करियप्पा चौराहा और कैंट के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

इकाना स्टेडियम गेट नंबर-1 और प्लासियो मॉल रैंप:
शहीद पथ से इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम के गेट नंबर-1 और फीनिक्स प्लासियो मॉल की ओर जाने वाले रैंप पर सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

आपातकालीन और स्कूली वाहनों को राहत

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, शव वाहन, फायर ब्रिगेड और स्कूली वाहनों जैसी आवश्यक सेवाओं को डायवर्जन से छूट दी जाएगी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी इन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराएंगे। यातायात संबंधी परेशानी या जाम की स्थिति में लोग ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान प्रभावित मार्गों से बचें और समय से पहले निकलकर वैकल्पिक रास्तों का चयन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News