उत्तराखण्ड

खटीमा में थारू समाज से CM धामी का संवाद, बोले- जनजातीय समाज का विकास सरकार की प्राथमिकता

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में थारू समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनजातीय समाज का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ थारू संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। कार्यक्रम में थारू समाज के प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने समाज के प्रति मुख्यमंत्री के निरंतर सहयोग और थारू संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार भी जताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि थारू समाज के साथ यह संवाद केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सरकार और समाज के बीच विश्वास एवं विकास की साझेदारी को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि थारू समाज से उनका जुड़ाव लंबे समय से रहा है और खटीमा के साथ उनका आत्मीय संबंध हमेशा कायम रहेगा। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का लगातार प्रयास है कि विभिन्न योजनाओं का लाभ जनजातीय समुदाय तक प्रभावी और बेहतर तरीके से पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जनजातीय समाज से होना भी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि थारू समाज के बीच पहुंचकर उन्हें अपने परिवार के बीच आने जैसा अनुभव हो रहा है। डबल इंजन की सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनजातीय समुदाय को शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार के अवसरों और मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि थारू समाज का हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, युवा आत्मनिर्भर बनें और बेटियां शिक्षित एवं सशक्त हों, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि थारू समाज की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास और उसकी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाए रखने के लिए सरकार पूरी निष्ठा के साथ काम करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News