देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा: मिक्सर ट्रैक्टर ने BTech छात्रा को कुचला, मौके पर मचा हड़कंप

देहरादून:- राजधानी देहरादून के क्लेमनटाउन क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय BTech छात्रा की मौत हो गई। चार खंबा चौक के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित मिक्सर ट्रैक्टर ने सड़क पर पैदल जा रही छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा उसकी बड़ी बहन के सामने हुआ। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान वैष्णवी रावत (18) के रूप में हुई है। वह प्रदीप सिंह रावत की बेटी थीं और मूल रूप से दिल्ली के पटेलनगर क्षेत्र में शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास की रहने वाली थीं। वैष्णवी देहरादून स्थित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में BTech प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थीं।
बहन के साथ कमरे की ओर लौट रही थी छात्रा
बताया गया कि रविवार रात करीब 8:45 बजे वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ पैदल अपने कमरे की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए यूपी नंबर के मिक्सर ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
चालक हिरासत में, ट्रैक्टर जब्त
थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना में शामिल मिक्सर ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने छात्रा के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। फिलहाल पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस के अनुसार परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा की मौत से परिवार में मातम
18 वर्षीय वैष्णवी की सड़क हादसे में हुई अचानक मौत से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। कम उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।




