इंस्टाग्राम वीडियो में कंगना रनौत का बड़ा बयान, विचारधारा पर रखी खुलकर बात

बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए धर्म, राजनीति और अपनी वैचारिक यात्रा को लेकर खुलकर बात की है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक सेल्फी वीडियो में कंगना ने कहा कि वह पहले खुद को एक “मॉडरेट हिंदू” मानती थीं, लेकिन समय के साथ उनकी सोच बदली और अब वह खुद को गर्व से “संघी” कहती हैं। कंगना ने वीडियो में फिल्म इंडस्ट्री की कुछ हिंदू अभिनेत्रियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि कई कलाकार शुरुआत में राजनीति और विचारधारा को लेकर तटस्थ रहती हैं, लेकिन कुछ लोगों के संपर्क या शादी के बाद उनकी राजनीतिक सोच पूरी तरह बदल जाती है। हालांकि उन्होंने किसी भी अभिनेत्री का नाम नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हर व्यक्ति को अपनी पसंद की विचारधारा और धर्म अपनाने की स्वतंत्रता देता है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति अपनी सोच बदल सकता है, तो उन्हें भी अपनी वैचारिक यात्रा चुनने का पूरा अधिकार है। कंगना ने सवाल उठाया कि जब दूसरे लोगों के विचार बदलने पर कोई आपत्ति नहीं होती, तो उनके विचार बदलने पर सवाल क्यों उठाए जाते हैं। अभिनेत्री ने कहा कि लोग अक्सर उनके पुराने वीडियो दिखाकर पूछते हैं कि पहले उनका जीवनशैली अलग थी और अब वह खुद को “जागृत हिंदू” क्यों कहती हैं। कंगना का कहना है कि समय के साथ इंसान के विचार बदलना स्वाभाविक है और इसे दोहरे मापदंड से नहीं देखा जाना चाहिए। कंगना ने यह भी कहा कि यदि कोई हिंदू बेटी अपनी इच्छा से किसी नई विचारधारा को अपनाना चाहती है, तो उसे भी वही सम्मान और स्वतंत्रता मिलनी चाहिए, जो समाज दूसरों को देता है। गौरतलब है कि कंगना रनौत वर्ष 2024 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई थीं और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर सांसद बनीं। उनके इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई यूजर्स यह अनुमान लगा रहे हैं कि उन्होंने अपने बयान में किस अभिनेत्री की ओर इशारा किया है। हालांकि कंगना ने किसी का नाम नहीं लिया है और इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



