देहरादून में नकबजनी का खुलासा: चोरी की लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत शातिर चोर गिरफ्तार, 10 मुकदमे पहले से दर्ज

देहरादून: राजधानी के डालनवाला क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर, 10 जिंदा कारतूस और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है और उसके खिलाफ पहले से चोरी सहित विभिन्न धाराओं में 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घर में सेंध लगाकर चोरी की थी लाइसेंसी रिवॉल्वर
कोतवाली डालनवाला पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को इंदर रोड निवासी शैलेन्द्र सिंह त्यागी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह निजी कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। 23 जुलाई को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर की अलमारी का सेफ टूटा हुआ था। सेफ में रखी उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और नकदी गायब थी। अज्ञात चोर के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी
पुलिस ने 24 जुलाई को नियमित चेकिंग अभियान के दौरान बलबीर रोड स्थित पानी की टंकी के पास रैन बसेरा क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान हसनैन उर्फ राजा के रूप में बताई।
रिवॉल्वर और 10 कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी की गई लाइसेंसी रिवॉलवर और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने इंदर रोड स्थित घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
नशे की लत के लिए की चोरी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करता है। चोरी की गई नकदी वह पहले ही नशे में खर्च कर चुका था, जबकि रिवॉल्वर और कारतूस उसने लोगों को डराने-धमकाने और आगे अपराध करने के इरादे से अपने पास रखे हुए थे। कोतवाली डालनवाला प्रभारी नरेंद्र गहलावत के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और उसके आपराधिक नेटवर्क तथा पूर्व की घटनाओं की भी जांच की जा रही है।




