उत्तराखण्डहरिद्वार

हरिद्वार अपर बाजार में बैरियर तोड़कर घुसी तेज रफ्तार कार, कई वाहनों को मारी टक्कर; भीड़ ने युवकों को पकड़कर पीटा, वीडियो वायरल

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के व्यस्त अपर बाजार क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उत्तर प्रदेश नंबर की एक स्विफ्ट कार पुलिस का बैरियर तोड़ते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते रास्ते में खड़े कई दोपहिया वाहनों, अन्य वाहनों और सड़क किनारे रखे सामान को टक्कर लग गई। अचानक हुई इस घटना से बाजार में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार में सवार तीन से चार युवक नशे की हालत में थे। बैरियर तोड़ने के बाद भी उन्होंने वाहन की गति कम नहीं की और भीड़भाड़ वाले बाजार में लापरवाही से कार चलाते रहे। घटना के बाद आसपास मौजूद दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेर लिया और उसमें सवार युवकों को बाहर निकाल लिया।

घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने कार चालक समेत अन्य युवकों की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि कुछ युवक मौके से भागने का प्रयास भी कर रहे थे, लेकिन लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने कार में भी तोड़फोड़ कर दी और उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना के कारण कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार पोस्ट ऑफिस तिराहे की ओर से बैरियर तोड़ते हुए अपर बाजार में दाखिल हुई और मनसा देवी पैदल मार्ग की ओर बढ़ गई। रास्ते में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा तथा बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने पीछा कर कार को रोका और युवकों को पकड़ लिया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया, युवकों को सुरक्षित हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार चालक के नशे में होने की आशंका सामने आई है। मामले में प्राप्त तहरीर, मेडिकल परीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में लापरवाही, नशे में वाहन चलाना या अन्य आपराधिक तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ कार सवार युवकों को पकड़ते और उनकी पिटाई करती दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News