उत्तराखण्ड

उत्तराखंड चुनाव की तैयारी तेज, 8 अगस्त को प्रदेश आएंगे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए बड़े नेताओं के कार्यक्रमों की तैयारी में जुट गई है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है। जानकारी के मुताबिक, खड़गे 8 अगस्त को उत्तराखंड में एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं

हल्द्वानी रैली के लिए पहली पसंद

पार्टी सूत्रों के अनुसार, खड़गे की प्रस्तावित जनसभा के लिए हल्द्वानी को प्राथमिक स्थान माना जा रहा है। हल्द्वानी को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि यहां से कुमाऊं के मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है। हालांकि रैली का अंतिम स्थान अभी तय नहीं हुआ है। केंद्रीय नेतृत्व के साथ होने वाली बैठकों के बाद कार्यक्रम और आयोजन स्थल पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। ऊधमसिंह नगर जिले को भी रैली के संभावित स्थानों में शामिल किया गया है।

18 जुलाई की बैठक में प्रस्ताव पारित

प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राजेंद्र सिंह भंडारी के अनुसार, 18 जुलाई को हुई पीएसी बैठक में 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष की रैली आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हल्द्वानी को रैली के लिए सबसे उपयुक्त स्थान माना जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

खड़गे का एक दिवसीय दौरा

जानकारी के अनुसार, मल्लिकार्जुन खड़गे का उत्तराखंड दौरा एक दिन का ही प्रस्तावित है। 9 अगस्त को दिल्ली में अखिल भारतीय युवा कांग्रेस का कार्यक्रम पहले से निर्धारित है। ऐसे में 8 अगस्त को उत्तराखंड में कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं और नेताओं के दिल्ली रवाना होने की संभावना है।

अगले 2-3 महीनों की रणनीति पर दिल्ली में मंथन

कांग्रेस नेतृत्व आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अगले दो से तीन महीनों की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति तैयार करने में जुटा है। दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा के साथ महत्वपूर्ण बैठकें चल रही हैं। इन बैठकों में प्रदेश संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।

 प्रियंका गांधी के भी कार्यक्रम प्रस्तावित

कांग्रेस महासचिव राजेंद्र सिंह भंडारी के मुताबिक, पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी के भी उत्तराखंड में दो से तीन कार्यक्रम प्रस्तावित किए जा रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के कार्यक्रम भी उत्तराखंड में आयोजित किए जाने की संभावना है। इससे साफ है कि पार्टी आगामी चुनाव से पहले प्रदेश में बड़े स्तर पर राजनीतिक अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।

 मिशन 2027 को लेकर कांग्रेस की तैयारी

कांग्रेस की नजर अब उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव पर है। पार्टी संगठन के शीर्ष नेता प्रदेश में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी माहौल तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। खड़गे की प्रस्तावित रैली, प्रियंका गांधी के संभावित कार्यक्रम और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के दौरों को पार्टी के बड़े चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News