उत्तराखण्ड

रामनगर–देहरादून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन को मिली मंजूरी, सप्ताह में दो दिन चलेगी

उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेल मंत्रालय ने 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों को पहली बार रामनगर से सीधे देहरादून तक एक्सप्रेस रेल सेवा उपलब्ध होगी।

यह रेल सेवा लंबे समय से क्षेत्रीय जनता की मांग रही है। इस परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी देहरादून तक तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

सप्ताह में दो दिन चलेगी एक्सप्रेस ट्रेन

रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, यह एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी।

वापसी में यही ट्रेन देहरादून से दोपहर 3:55 बजे प्रस्थान करेगी और रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। इससे यात्रियों को एक ही दिन में राजधानी पहुंचकर आवश्यक कार्य निपटाने और वापस लौटने की सुविधा मिलेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

नई एक्सप्रेस ट्रेन मार्ग में काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी। इससे उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई जिलों के यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा।

छात्रों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को होगा फायदा

नई ट्रेन सेवा से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इसके अलावा हरिद्वार और देहरादून से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।

यह ट्रेन जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों, गिरिजा देवी मंदिर, सीतावनी और अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगी।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में विभिन्न श्रेणियों के कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी सेकेंड क्लास, एसी थर्ड क्लास, एसी चेयर कार, स्लीपर क्लास, सेकेंड सीटिंग और जनरल कोच शामिल होंगे, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार यात्रा का विकल्प मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News