उत्तराखण्ड

देहरादून में आज राहुल गांधी का बड़ा कार्यक्रम, छात्रों से करेंगे सीधा संवाद

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शाम 5 बजे बन्नू स्कूल मैदान में होने वाले इस आयोजन में राहुल गांधी प्रदेशभर से आए छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की हैं और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस के अनुसार, यह कार्यक्रम युवाओं के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा, जहां राहुल गांधी छात्रों के सवाल सुनेंगे और रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।

परेड ग्राउंड से बदला कार्यक्रम स्थल

शुरुआत में कार्यक्रम का आयोजन देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद इसे बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद आयोजन स्थल पर मंच, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

2027 चुनाव से पहले अहम राजनीतिक कार्यक्रम

राजनीतिक दृष्टि से भी इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तराखंड में वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। राज्य में रोजगार, भर्ती परीक्षाएं, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे विषय लगातार राजनीतिक चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम कांग्रेस के लिए जनसंपर्क और राजनीतिक संदेश देने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी जुड़ेगा युवा वर्ग

आयोजन को युवाओं के लिए अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखे गए हैं। कार्यक्रम में सिंगर और रैपर अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिससे राजनीतिक संवाद के साथ मनोरंजन का भी समावेश रहेगा।

बारिश की आशंका को देखते हुए विशेष इंतजाम

मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना जताए जाने के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं। पूरे मैदान में वॉटरप्रूफ टेंट लगाए गए हैं और प्रतिभागियों के लिए करीब 6,000 रेनकोट की व्यवस्था की गई है। आयोजकों का कहना है कि यदि कार्यक्रम के दौरान बारिश होती है तो आने वाले लोगों को रेनकोट उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि आयोजन बिना किसी व्यवधान के जारी रह सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News