उत्तराखंड में 17 जुलाई तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी – Parvat Sankalp News

उत्तराखंड में 17 जुलाई तक बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

उत्तराखंड में मानसून अब पूरे असर में दिखाई दे रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 17 जुलाई तक के लिए ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। अगले सात दिनों तक पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर हल्की, मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। 13 जुलाई को देहरादून, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने और रुक-रुक कर वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है। 13 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज वर्षा के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना बना रहेगा।

14 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर सहित मैदानी इलाकों में भी बारिश के साथ तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। 15 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, इसलिए संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने की आवश्यकता है। 16 और 17 जुलाई को भी मौसम विभाग ने पूरे उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कई स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने 17 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी रखते हुए पर्यटकों, स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *