उत्तराखण्ड

देहरादून में गिग वर्कर्स की आवाज बनी युवा कांग्रेस, ‘व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट’ के तहत न्याय संवाद में उठे रोजगार और सुरक्षा के मुद्दे

देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज उत्तराखंड युवा कांग्रेस द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के “व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट” के तहत “गिग वर्कर न्याय संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संवाद कार्यक्रम में ब्लिंकिट, स्विगी, जोमैटो, रैपिडो समेत विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े गिग वर्कर्स ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अपने कार्यस्थल से जुड़े अनुभवों, चुनौतियों और समस्याओं को खुलकर साझा किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य तेजी से बढ़ती गिग इकोनॉमी में कार्यरत लाखों युवाओं और श्रमिकों की वास्तविक समस्याओं को समझना तथा उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाना था। संवाद के दौरान गिग वर्कर्स ने बताया कि वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं, लेकिन उन्हें न तो पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध है और न ही भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था है।

कार्यक्रम में उपस्थित उत्तराखंड युवा कांग्रेस की प्रभारी हरनीत कौर बरार, प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक तथा कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। गिग वर्कर्स ने असुरक्षित कार्य परिस्थितियों, समयबद्ध डिलीवरी के अत्यधिक दबाव, अनिश्चित आय, दुर्घटना बीमा की कमी, बिना स्पष्ट कारण आईडी बंद किए जाने और कानूनी संरक्षण के अभाव जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

हरनीत कौर बरार ने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में गिग वर्कर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मेहनतकश युवाओं और श्रमिकों की आवाज को मजबूती देने के लिए प्रतिबद्ध है और राहुल गांधी का “व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट” इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि गिग वर्कर्स केवल ऐप आधारित कर्मचारी नहीं, बल्कि आधुनिक अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उन्होंने मांग की कि इन श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, पारदर्शी भुगतान प्रणाली, न्यूनतम आय की गारंटी और कानूनी पहचान प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस इन मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी।

कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में युवाओं, श्रमिकों, किसानों और समाज के वंचित वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड युवा कांग्रेस भी इसी सोच के साथ गिग वर्कर्स के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

कार्यक्रम में महामंत्री राजेंद्र शाह, जिला अध्यक्ष तेजस्वी राणा, प्रदेश महासचिव अभय कत्यूरा, स्वाति नेगी, रविंदर जूनियर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी भाग लिया और गिग वर्कर्स से सीधे संवाद कर उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों की आवाज को व्यापक स्तर पर उठाने और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News