देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने शासकीय आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक प्रभावी और सकारात्मक मंच बन चुका है, जो समाज में बदलाव की नई सोच पैदा कर रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के उन लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाते हैं, जिन्होंने अपने प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। ऐसे उदाहरण लोगों को जनहित और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और सामाजिक सरोकारों जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रख रहे हैं। इन अभियानों से लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और नई पीढ़ी को भी प्रेरणा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई लोग अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने और उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों से भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने, पर्याप्त पानी पीने और पारंपरिक भारतीय पेयों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। साथ ही आम सहित भारतीय फलों के पोषण और महत्व पर भी चर्चा की।
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद भी किया। उन्होंने छात्राओं से कार्यक्रम को लेकर उनके विचार और अनुभव साझा करने को कहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, मेहनत और समर्पण बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करता है तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। अच्छे कार्यों से अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं और समाज में सकारात्मक माहौल का निर्माण होता है। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही भविष्य का भारत तैयार करेगी और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।