चमोली में दर्दनाक हादसा: 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन की मौत

 उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवाल-लोहाजंग मोटर मार्ग पर ल्वाणी के पास एक ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ग्राम बांक, लोहाजंग निवासी एक परिवार अपने परिजन भजन सिंह के निधन के बाद अंतिम संस्कार के लिए देहरादून से गांव लौट रहा था। भजन सिंह का उपचार के दौरान देहरादून में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर एम्बुलेंस से गांव भेजा जा रहा था, जबकि परिवार के सदस्य ईको कार में सवार होकर पीछे-पीछे आ रहे थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब चार बजे ल्वाणी के पास वाहन चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला। दुर्घटना में बलबीर सिंह (52), उनकी पत्नी शांति देवी (48) और पुत्र आंशु बिष्ट (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कविता देवी, मयंक सिंह और रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर करने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस परिवार पर पहले ही एक सदस्य की मृत्यु का दुख था, उसी परिवार को कुछ ही घंटों बाद सड़क हादसे की दूसरी बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ा। ग्राम बांक और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *