पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी विकासखंड के तेजम तहसील स्थित दूरस्थ क्षेत्र के Government Inter College Bansbagad से इस वर्ष एक बड़ी और प्रेरणादायक उपलब्धि सामने आई है। यहां के 9 एनसीसी कैडेट्स का चयन भारतीय सेना में हुआ है। एक ही विद्यालय से इतनी बड़ी संख्या में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि एनसीसी प्रशिक्षण और छात्रों की मेहनत का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्र होने के बावजूद छात्रों ने कठिन परिस्थितियों में तैयारी की और सेना में चयन हासिल किया।
एनसीसी प्रभारी राजीव कश्यप ने बताया कि इस वर्ष एनसीसी कैडेट्स को बोनस अंकों का लाभ मिला, जिससे कई छात्रों का चयन आसान हुआ। उन्होंने कहा कि कॉलेज में एनसीसी यूनिट कुछ साल पहले शुरू की गई थी और अब इसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप प्रसाद ने सभी चयनित छात्रों को बधाई दी और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
गांव और क्षेत्र के लोगों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों की यह सफलता साबित करती है कि मेहनत और अनुशासन से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं