उत्तराखंड में बड़ी कार्रवाई, जूनियर इंजीनियर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (Vigilance) की ट्रैप टीम ने जल विद्युत निगम से जुड़े एक जूनियर इंजीनियर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फैसल खान के रूप में हुई है, जिसकी गिरफ्तारी से विभाग में हड़कंप मच गया है।

मामले की शुरुआत शिकायतकर्ता द्वारा सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर की गई शिकायत से हुई। शिकायत में बताया गया कि वह सरकारी विभागों में टेंडर का कार्य करता है और उसने ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज में एक टेंडर के तहत काम किया था। आरोप है कि कार्य के भुगतान के बदले जूनियर इंजीनियर फैसल खान द्वारा लगातार अवैध धनराशि की मांग की जा रही थी।

शिकायत की जांच के बाद प्रारंभिक रूप से आरोप सही पाए गए, जिसके बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम गठित की गई, जिसने पूरी योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।

टीम ने 21 मई को जाल बिछाकर आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन, निवासी काशीपुर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। सतर्कता अधिष्ठान ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *