उत्तराखंड के टिहरी जिले में एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा टल गया, जब ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर चम्बा-नवागांव क्षेत्र के सत्यों के ऊपर 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में फंस गया। हादसे के दौरान हेलीकॉप्टर में मौजूद यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन महिला पायलट की सूझबूझ और बहादुरी के चलते सभी यात्रियों की सुरक्षित जान बच गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस-प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर अपने निर्धारित रूट पर था, लेकिन इसी दौरान पायलट को सीधे देहरादून जाने का संदेश मिला। इसके चलते हेलीकॉप्टर को गुप्तकाशी में रुके बिना नया रूट लेना पड़ा। बताया जा रहा है कि चम्बा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार फंस गया।
हाईटेंशन तार फंसते ही हेलीकॉप्टर हवा में बुरी तरह हिचकोले खाने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार हेलीकॉप्टर अचानक अनियंत्रित होकर नीचे की ओर आने लगा, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भयावह था कि किसी भी समय बड़ा नुकसान हो सकता था। इस गंभीर स्थिति में महिला पायलट Anupama Chaudhary ने अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। पायलट ने घबराने के बजाय हेलीकॉप्टर को नियंत्रित रखने की कोशिश जारी रखी और हाईटेंशन तार फंसे होने के बावजूद सुरक्षित तरीके से हेलीकॉप्टर को सत्यों-सकलाना के खुले खेतों तक ले गईं। इसके बाद उन्होंने खेतों में सफल इमरजेंसी लैंडिंग कराकर सभी यात्रियों की जान बचा ली।
हालांकि इस दौरान हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चंबा सत्यों पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। प्रशासन द्वारा हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की। हेलीकॉप्टर में पायलट अनुपमा चौधरी समेत कुल छह यात्री सवार थे, जिनमें साहिल सूरी, राज सूरी, भूमि सूरी, पार्थ सूरी, हिमांशी पटेल और निष्का शामिल थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस घटना के बाद महिला पायलट की बहादुरी और समझदारी की जमकर सराहना हो रही है।