रुद्रपुर में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

उधमसिंह नगर के रुद्रपुर में गुरुवार सुबह एक बड़े हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। शहर के न्यू डिवाइन सिटी क्षेत्र स्थित एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन गोदाम में भारी मात्रा में कबाड़ और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयावह थी कि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आग के बढ़ते दायरे को देखते हुए आसपास के इलाकों को भी सतर्क कर दिया गया है ताकि किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या कबाड़ में मौजूद ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग लगने की जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग पर जल्द पूरी तरह काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। गनीमत रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है, लेकिन गोदाम में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *