उधमसिंह नगर में हाईवे पर दो कारों की भीषण टक्कर

उधमसिंह नगर जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नानकमत्ता के दहला रोड हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार रात करीब 10:30 बजे दहला रोड हाईवे पर एक कार और नई कार के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि नई कार को हल्द्वानी के शोरूम से लेकर चंपावत ले जाया जा रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कार सवार लोग अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दीपान्त सिंघल (24) निवासी आवास विकास कॉलोनी, किच्छा की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

हादसे में घायल मनप्रीत सिंह और चन्द्रप्रकाश जोशी का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *