जालंधर में एटीएम तोड़कर लूट की कोशिश करने वाला गिरोह गिरफ्तार

जालंधर ग्रामीण पुलिस ने भोगपुर और किशनगढ़ में एटीएम तोड़कर लूट की कोशिश करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार और एक गाड़ी भी बरामद की है।

एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 1 और 2 मई की रात भोगपुर स्थित यूके बैंक और किशनगढ़ के एसबीआई बैंक के एटीएम को तोड़कर लूट की कोशिश की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पेशे से ड्राइवर थे और वारदात से पहले उन एटीएम की रेकी करते थे जहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं होता था। मौका मिलते ही आरोपी एटीएम तोड़कर लूट की कोशिश करते थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *