
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं और कुंभ मेला-2027 से जुड़ी अहम परियोजनाओं के लिए करीब 256 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। सरकार के इस फैसले से आपदा प्रबंधन, पेयजल योजनाओं, सड़क सुधार और पुनर्निर्माण कार्यों को बड़ी गति मिलने की उम्मीद है।
CM Dhami Approves ₹256 Crore for Development Projects
मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन निधि के तहत 15वें वित्त आयोग की बची हुई धनराशि से सभी जिलों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये, पुनर्प्राप्ति और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये और तैयारी व क्षमता विकास के लिए 2 करोड़ रुपये देने की मंजूरी दी है। इस तरह हर जिले को कुल 10 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी। इसके तहत कुल 130 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मिलेगी नई रफ्तार
सरकार ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को तेज करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से औद्योगिक क्षेत्र तक चार लेन सड़क के नवीनीकरण के लिए 2.72 करोड़ रुपये, पशुलोक बैराज मार्ग सुधार के लिए 2.13 करोड़ रुपये और बहादराबाद-रोहाल्की तिराहे से अलीपुर-सुकरासा-पथरी अंबूवाला मार्ग के नवीनीकरण के लिए 1.36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पहाड़ और मैदान दोनों को मिलेगा फायदा
राजधानी देहरादून के पित्थूवाला शाखा क्षेत्र में कमला पैलेस और जीएमएस रोड इलाके में नलकूप निर्माण, राइजिंग मेन और वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों के लिए 20.37 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं रुद्रप्रयाग की तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 39.86 करोड़ रुपये, चमोली की पीपलकोटी नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 24.38 करोड़ रुपये और टिहरी गढ़वाल की हिण्डोलाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 9.73 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने रुड़की नगर निगम क्षेत्र में सुनहरा मार्ग चौराहे का नाम बदलकर “शहीद चौक” करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।