हरियाणा

बजट घोषणाओं पर सरकार गंभीर, दिसंबर तक काम दिखने लगेगा धरातल पर

हरियाणा सरकार ने बजट घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने की गति बढ़ाई, दिसंबर तक दिखेगा ठोस असर: डॉ. साकेत कुमार

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की गई बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए सरकार ने तेज़ी से काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के साथ बैठक कर 79 बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की।

“वादे नहीं, संकल्प हैं ये घोषणाएं”
बैठक में डॉ. साकेत कुमार ने स्पष्ट किया कि ये घोषणाएं केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जनकल्याण के लिए लिए गए ठोस संकल्प हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि दिसंबर 2025 तक इन घोषणाओं में ठोस प्रगति नजर आनी चाहिए।

10 विभागों की हुई समीक्षा
हरियाणा निवास में आयोजित इस समीक्षा बैठक में बिजली, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, शहरी स्थानीय निकाय, माध्यमिक, उच्चतर एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन एवं विरासत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, नगर एवं ग्राम आयोजना, अभिलेखागार और आवास विभागों से जुड़ी बजट घोषणाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

नोडल अधिकारियों की होगी जिम्मेदारी तय
डॉ. कुमार ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करे, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि घोषणाओं के लिए आवश्यक बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

शिक्षा क्षेत्र पर विशेष जोर
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के बजट में शिक्षा से जुड़ी सर्वाधिक 28 घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने माध्यमिक, उच्चतर और तकनीकी शिक्षा विभागों को निर्देश दिए कि वे अन्य संबद्ध विभागों के साथ समन्वय कर फाइल प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण करें, ताकि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जा सकें।

डीपीआर और निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल पर अपलोड करें और निविदा प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करें। इसके साथ ही उन्होंने शहरी क्षेत्रों में पुराने कचरे के निस्तारण को प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि स्वच्छता अभियान में ठोस बदलाव महसूस हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News