उत्तराखण्ड

इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों के चलते देहरादून में 10 दिसंबर तक इंटरनेट सेवाएं रहेंगी प्रभावित

इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों को लेकर शहर में चल रहे सुंदरीकरण के कार्य व बिजली के खंभों से उतारे जा रहे तारों के जाल के कारण दस दिसंबर तक इंटरनेट ब्रॉडबैंड व स्थानीय केबल नेटवर्क की सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन स्थल एफआरआइ तक और इसके आसपास के समस्त क्षेत्र इससे प्रभावित रहेंगे। हालांकि, इससे मोबाइल नेटवर्क सेवा पर कोई असर नहीं पड़ने का दावा दूरसंचार कंपनियां कर रही हैं।

शहर के बीचों बीच घंटाघर, राजपुर रोड, चकराता रोड, हरिद्वार रोड, ईसी रोड, सहारनपुर रोड, जीएमएस रोड आदि क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड व केबल टीवी की सेवाएं सोमवार को भी प्रभावित रहीं। प्रशासन ने रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड, भारत संचार निगम लिमिटेड, एयरटेल को निर्देश दिए हैं कि केबल एवं ब्रॉडबैंड से संबंधित कार्य दस दिसंबर तक न किए जाए। तारों का जाल हटने से दस किमी के दायरे में केबल एवं ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी प्रभावित रहने की आशंका है।

रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के प्रबंधक गौरव शुक्ला ने बताया सुंदरीकरण वाले क्षेत्र के दायरे में आने वाले सभी हिस्सों में कनेक्टिविटी प्रभावित रहेगी। ग्राहकों के लिए दूसरे विकल्प तलाशे जा रहे हैं। वहीं बीएसएनएल के डीजीएम आरएस फोनिया ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News