रुड़की में क्रिकेट बैट से युवक पर जानलेवा हमला, वीडियो वायरल

रुड़की: उत्तराखंड के रुड़की से मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर क्रिकेट बैट से बेरहमी से हमला किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक दूसरे युवक पर लगातार क्रिकेट बैट से वार कर रहा है, जबकि पीड़ित खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार मामला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरी मोहल्ले का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो पांच जून की रात का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पर अचानक हमला किया गया और उसे क्रिकेट बैट से कई बार निशाना बनाया गया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पीड़ित युवक की पहचान मुकुल के रूप में हुई है। उसके पिता सतीश कुमार का आरोप है कि उनका बेटा एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और घटना वाले दिन उसे फोन कर किसी बहाने से बुलाया गया था। उनका कहना है कि रविदास मंदिर के पास पहुंचने पर आकाश नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुकुल पर हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य विवाद नहीं बल्कि पहले से सुनियोजित हमला था। उनका कहना है कि घटना के दौरान आरोपी अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। इतना ही नहीं, पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड किया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इससे मामले ने और अधिक तूल पकड़ लिया है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम हिंसा की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पीड़ित परिवार ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है तथा वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *