उत्तराखण्ड

बद्रीनाथ धाम में सुरक्षा नियमों की अनदेखी, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

बद्रीनाथ धाम के गर्भगृह में स्पाई कैमरे से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड करना मुंबई से आए एक श्रद्धालु को महंगा पड़ गया। मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने श्रद्धालु की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी और उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। मामले की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मुंबई निवासी जयप्रकाश पांडे के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि वह स्पाई कैमरे की मदद से गर्भगृह के अंदर वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर रहा था, जबकि मंदिर प्रशासन ने गर्भगृह में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया हुआ है। इस हरकत को धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन माना गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से स्पाई कैमरा बरामद कर लिया। कैमरे में रिकॉर्ड किए गए सभी वीडियो और तस्वीरों को मौके पर ही डिलीट कराया गया। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत उसका चालान किया गया। श्रद्धालु द्वारा अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगने के बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बद्रीनाथ धाम सहित सभी धार्मिक स्थलों पर लागू सुरक्षा नियमों और धार्मिक परंपराओं का पूरी तरह पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News